ब्यावर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक स्कूल के विद्यार्थियों ने एक पथ संचलन का आयोजन किया। इस संचलन के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और एकता का संदेश दिया। पथ संचलन का शुभारंभ गिब्सन हॉस्टल से हुआ। इस अवसर पर विद्या भारती संस्थान, अजमेर के जिला मंत्री मनोज कुमार टेलर, स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र भराडिया, उपाध्यक्ष गोविंद राम सेन और प्रधानाचार्य नवीन कुमार सैनी ने ध्वज दिखाकर संचलन को रवाना किया। घोषवादन के साथ यह पथ संचलन गिब्सन हॉस्टल से शुरू होकर मालियान चौपड़, राठी जी की हवेली, चांग गेट, अंबेडकर सर्किल, पाली बाजार, लौहारान चौपड़, हवलाई गली, भगत चौराहा, सुभाष सर्किल और भारत माता सर्कल से होते हुए सिटी डिस्पेंसरी के पास से पुनः गिब्सन हॉस्टल पहुंचकर समाप्त हुआ। पथ संचलन के दौरान विद्यार्थियों ने घोष की थाप पर कदम से कदम मिलाते हुए अनुशासन का प्रदर्शन किया। मार्ग में नगरवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र भराडिया ने पथ संचलन की व्यवस्था में सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन, नगर परिषद प्रशासन और उपखंड प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


