बैकुंठपुर | न्यू लाइफ हेल्थ एंड एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित न्यू लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के बीएससी नर्सिंग सप्तम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने शिक्षिका सुप्रिया तिवारी व कौशिल्या कोर्चे के मार्गदर्शन में आमाखेरवा, मनेन्द्रगढ़ स्थित नेत्रहीन शिक्षण-प्रशिक्षण विद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यालय प्राचार्य संतोष कुमार चहोकर ने छात्रों का स्वागत कर परिसर का भ्रमण कराया। छात्रों ने देखा कि नेत्रहीन बच्चे ब्रेल लिपि और टेलर फार्म से शिक्षा प्राप्त करते हैं। कक्षा आठवीं के बाद उन्हें संगीत शिक्षा भी दी जाती है। साथ ही जॉर्ज एंड्रॉयड एप के माध्यम से वे स्मार्टफोन का प्रयोग कर शिक्षा व संवाद में सक्षम बनते हैं। नर्सिंग छात्रों ने बच्चों को स्वच्छता, पोषण और व्यक्तिगत देखभाल के विषय में स्वास्थ्य शिक्षा दी, साथ ही उनका रक्तचाप, वजन व लंबाई जांची। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए छात्रों ने गीत प्रस्तुत किए और उनकी प्रतिभा को सराहा। समापन पर छात्रों ने खाद्य सामग्री वितरित कर विद्यालय को फर्स्ट एड बॉक्स भेंट किया। यह भ्रमण छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक व सेवा भावना को बढ़ाने वाला रहा।


