औबेदुल्लागंज| सड़क सुरक्षा और चालकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बुधवार 28 जनवरी को कृषि उपज मंडी समिति परिसर में वाहन चालकों के लिए विशेष नेत्र जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 76 चालकों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 58 चालकों को दृष्टि दोष पाए जाने पर मौके पर ही नि:शुल्क चश्मे दिए गए। यह शिविर ‘राही’ कार्यक्रम के तहत मानव विकास सेवा संघ सागर, गैल गैस और साइट सेवर्स इंडिया के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया। उद्देश्य था चालकों की आंखों की नियमित जांच कर दुर्घटनाओं की संभावना कम करना और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने चालकों की आंखों की जांच की। मंडी कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों ने शिविर को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।


