विदिशा|बुधवार सुबह रंगई स्थित हनुमान मंदिर इलाके में भाजपा नेता मनोज कटारे पर 65 वर्षीय बुजुर्ग मुन्ना कुशवाह ने गालीगलौज और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। बुजुर्ग का कहना है कि मंदिर के बाहर आग बुझाने की बात पर विवाद हुआ। इसके बाद मनोज कटारे ने उनके साथ बदसलूकी की। घटना के बाद दोनों पक्ष एसपी कार्यालय पहुंचे। एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी। बुजुर्ग फरियादी देर शाम तक सिविल लाइंस थाने में बैठा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लोगों से पूछताछ की। देर शाम तक थाने में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। भाजपा नेता मनोज कटारे ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। कहा, बुजुर्ग रोज शराब पीकर मंदिर आता है। लोगों से गालीगलौज करता है। उसे मना किया गया था। मारपीट नहीं की गई। एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया, जांच में मारपीट का कोई फुटेज नहीं मिला। दोनों पक्षों में राजीनामा की कोशिश की जानकारी मिली है। मामला भाजपा के वरिष्ठ नेता से जुड़ा होने के कारण पुलिस अभी जांच कर रही है।


