नेपानगर में 51.58 करोड़ की तीन सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी:तालाब और दो बैराज से 2033 हेक्टेयर सिंचाई होगी, 40 गांवों के किसानों को राहत

बुरहानपुर के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में तीन प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं को प्रारंभिक स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 51 करोड़ 58 लाख 04 हजार रुपए है। इनके पूरा होने से कुल 2033 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, जिससे हजारों किसानों को लाभ मिलेगा। विधायक मंजू दादू ने इन परियोजनाओं की प्रथम साध्यता जारी होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट का आभार व्यक्त किया। इन परियोजनाओं के तहत नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में एक तालाब और दो बैराज का निर्माण किया जाएगा। इनमें फूल धावड़ी डेम अम्बा तालाब (38.58 करोड़ रुपए), कालमाटी बैराज (9.40 करोड़ रुपए) और रेतघाट महल गुराडा बैराज (3.60 करोड़ रुपए) शामिल हैं। 40 गांवों को विशेष लाभ मिलेगा
इन सिंचाई सुविधाओं से धूलकोट क्षेत्र के लगभग 35 से 40 गांवों को विशेष लाभ मिलेगा, जहां पहले जलस्तर गिरने और पानी की कमी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। परियोजनाओं से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा, भूमिगत जलस्तर में सुधार होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही, रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। विधायक मंजू दादू ने इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री से मुलाकात और पत्राचार के माध्यम से अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार ही प्रदेश के समग्र विकास का आधार है और उनकी सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जनजातीय बहुल नेपानगर विधानसभा में सिंचाई सुविधाओं का यह विस्तार प्रदेश के समग्र विकास का आधार बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *