MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:महिला कारोबारी के घर बम फेंके, चाइनीज मांझे से पुजारी की गर्दन कटी; पचमढ़ी में बर्फ जमी, 20 जिलों में स्कूल बंद

MP इवनिंग न्यूज बुलेटिन में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास 1. इंदौर में जहरीला पानी: 17वीं मौत, एपिडेमिक की जांच कर रही एम्स-ICMR की टीमें इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मरने वालों की संख्या 17 हो गई है। सरकार ने क्षेत्र को एपिडेमिक प्रभावित माना है। कलेक्टर के अनुसार एम्स भोपाल और आईसीएमआर की टीमें संक्रमण फैलने की जांच कर रही हैं। अब तक 398 मरीज भर्ती हुए, 142 का इलाज जारी है। सरकार कल हाईकोर्ट में रिपोर्ट पेश करेगी। पढ़ें पूरी खबर 2. बाइक से कट मारा, साइकिल गिरी: जूता व्यापारी से मारपीट; CCTV में वारदात कैद
रतलाम के शहर सराय इलाके में बाइक से कट मारने पर हुए विवाद में तीन लोगों ने जूता व्यवसायी से मारपीट कर दी। दुकान के सामने खड़ी साइकिल गिरने पर टोके जाने से झगड़ा शुरू हुआ। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। आरोपी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने केस दर्ज कर फुटेज के आधार पर जांच शुरू की है। पढ़ें पूरी खबर 3. पचमढ़ी में जमी बर्फ, नौगांव 1 डिग्री: कोहरे से हादसे, 20 जिलों में स्कूल बंद मध्य प्रदेश में पिछले तीन दिनों से कड़ाके की ठंड और घना कोहरा छाया है। पचमढ़ी में गाड़ियों की सीटों पर बर्फ जमी, जबकि नौगांव में तापमान 1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। कई जिलों में विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रही। बड़वानी में कोहरे के कारण दूध टैंकर पलटने से एक की मौत हो गई। ठंड को देखते हुए 20 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। पढ़ें पूरी खबर 4. उज्जैन में चाइनीज मांझे से पुजारी की गर्दन कटी, 2 घंटे ऑपरेशन के बाद जान बची
उज्जैन में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से एक पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक से जाते समय मांझा गर्दन में उलझ गया, जिससे गहरा कट लग गया। चरक अस्पताल में दो घंटे चले ऑपरेशन में गले से मांझे के टुकड़े निकाले गए और 10 टांके लगाए गए। समय पर इलाज से जान बची। 15 दिन में यह दूसरी ऐसी घटना है। पढ़ें पूरी खबर 5. छेड़छाड़ का विरोध बना वजह: जबलपुर में महिला कारोबारी के घर बमबाजी, बेटी घायल जबलपुर के चुंगी चौकी इलाके में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाशों ने महिला टेंट कारोबारी के घर पर बम फेंके। दो महीने में यह दूसरा हमला है। पथराव और सूअर मारने वाले बम से एक बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोट आई। आरोपी पहले भी आगजनी कर चुके थे। पीड़िता ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए हैं। पढ़ें पूरी खबर 6. भोपाल AIIMS प्रोफेसर रश्मि वर्मा का निधन: 24 दिन वेंटिलेटर पर रहीं
भोपाल एम्स के ट्रॉमा व इमरजेंसी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रश्मि वर्मा का सोमवार को निधन हो गया। आत्महत्या के प्रयास के बाद वे 24 दिन से आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थीं। डॉक्टरों के अनुसार, हाई डोज एनेस्थीसिया लेने से उनकी हालत बिगड़ी थी। हार्ट अरेस्ट के दौरान लंबे समय तक ऑक्सीजन न मिलने से ब्रेन को गंभीर क्षति पहुंची। पढ़ें पूरी खबर 7. अशोकनगर में तेंदुए का हमला: झोपड़ी में घुसा, रेस्क्यू के दौरान खिड़की से भागा
अशोकनगर के चंदेरी स्थित विक्रमपुर गांव में तेंदुए ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर तेंदुआ पास की झोपड़ी में छिप गया। वन विभाग ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू चलाया, लेकिन जाल लगने के बावजूद वह दीवार की खिड़कीनुमा जगह से भाग निकला। हमले में ग्रामीण के हाथ में मामूली चोट आई है। घटना के बाद गांव में दहशत है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर
8. 8 साल की बहन बनी ढाल: कुत्ते से 3 मिनट भिड़ी, टी-शर्ट से भाई का खून रोका राजगढ़ में 8 साल की बच्ची ने बहादुरी दिखाते हुए आवारा कुत्ते के हमले से अपने 5 साल के भाई की जान बचाई। कुत्ते के सिर पर हमले के दौरान वह करीब तीन मिनट तक उससे लड़ती रही। हमलावर भागा तो बच्ची ने अपनी टी-शर्ट उतारकर भाई के सिर पर बांध दी और खून रोका। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके
9.भोपाल में धोती-कुर्ता पहनकर संस्कृत में क्रिकेट की अनोखी कॉमेंट्री
भोपाल के शिवाजी नगर के अंकुर मैदान पर महर्षि मैत्री मैच शृंखला-6 के तहत क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हुआ। खिलाड़ी जर्सी नहीं, बल्कि धोती-कुर्ता पहनकर मैदान में उतरे। खेल मंत्री विश्वास सारंग ने उद्घाटन किया। टूर्नामेंट में पूरे प्रदेश की 24 टीमें भाग ले रही हैं। हिंदी या अंग्रेजी के बजाय क्रिकेट की कमेंट्री संस्कृत में हो रही है। आयोजन 5 से 9 जनवरी तक चलेगा। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट
10.नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कल इंदौर के भागीरथपुरा में पीड़ित परिवारों से मिलेंगे
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कल भागीरथपुरा में पीड़ित परिवारों से मिलने जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंदौर में कांग्रेस नेताओं को पीड़ित परिवारों से मिलने से रोकना निंदनीय है। इस संकट की घड़ी में, मैं और कांग्रेस पार्टी का हर कार्यकर्ता व नेता भागीरथपुरा के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े हैं और उन्हें हर संभव समर्थन और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *