नेपानगर विधायक ने 6 फाल्यों में विद्युतीकरण का भूमिपूजन किया:’धरती आबा अभियान’ के तहत जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्य

बुरहानपुर जिले के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक मंजू राजेंद्र दादू ने ‘धरती आबा अभियान’ के तहत शुक्रवार को विद्युतीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। यह कार्य ग्राम पंचायत मोन्द्रा के मातापुर फाल्या व मोतीराम फाल्या, ग्राम पंचायत रायतलाई के बिसराम फाल्या व मुन्ना फाल्या, ग्राम पंचायत झिरमिटी के जगन फाल्या और ग्राम पंचायत ताजनापुर के नवल सिंह फाल्या में किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक दादू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में शुरू किए गए ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ का उल्लेख किया। यह अभियान देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 63,000 से अधिक आदिवासी गांवों को कवर करेगा। इसमें बिजली, सड़क, पानी, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के कार्य शामिल हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमियों को दूर करना है। ॉॉ विधानसभा के 116 गांव इस अभियान में शामिल
नेपानगर विधानसभा के 116 गांव इस अभियान में शामिल हैं। यहां मुख्य सुविधाओं के लिए स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है। इससे जनजातीय गांवों को शहरों से जुड़ना आसान होगा, जिससे जनजातीय वर्ग के छात्र-छात्राओं को शिक्षा और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा होगी। विधायक ने बताया कि विद्युतीकरण इस अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका मुख्य लक्ष्य चिह्नित आदिवासी गांवों में कोई भी घर या सरकारी संस्थान बिना बिजली के न रहे। अभियान के तहत गांव के स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक भवनों में बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। बिजली आपूर्ति के लिए ग्रिड कनेक्टिविटी तारों को प्राथमिकता दी जाएगी। पहाड़ी और दुर्गम वन क्षेत्रों में, जहां बिजली के खंभे और तार पहुंचाना संभव नहीं है, वहां सौर ऊर्जा (सोलर होम लाइटिंग सिस्टम) के माध्यम से बिजली पहुंचाई जाएगी। साथ ही, पुरानी और जर्जर बिजली लाइनों को बदला जाएगा और ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाई जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में वोल्टेज की समस्या न हो। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, भाजपा जिला महामंत्री राहुल जाधव, खकनार मंडल अध्यक्ष महेन्द्र जोगी, निलेश चौकसे, सोनू भावसार, विजय चौधरी, ग्राम पंचायत मोन्द्रा, रायतलाई, झिरमिटी ताजनापुर के सरपंच एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *