भास्कर न्यूज | बालोद स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यमिक विद्यालय बालोद के व्याख्याता नेमसिंह साहू को जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) बालोद नियुक्त किया गया है। यह पद कई वर्षों से रिक्त था। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य मुख्यालय रायपुर के राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव के आदेश और जिला संघ बालोद के जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव की अनुशंसा पर यह नियुक्ति हुई है। नेमसिंह साहू मूल रूप से बालोद जिले के निवासी हैं। स्काउटिंग में उनकी शुरुआत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव से कक्षा छठवीं में हुई थी। स्काउटिंग के प्रति रुचि के चलते वे लगातार सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2008 में उन्होंने सुकमा जिले से शिक्षक के रूप में सेवा शुरू की। वहां भी स्काउटिंग से जुड़े रहे और यूनिट लीडर के रूप में बच्चों को सामाजिक गतिविधियों में भाग दिलाया। सुकमा में उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें वहां का जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) नियुक्त किया गया था। इस पद पर रहते हुए उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुकमा में स्काउटिंग को नई दिशा दी। बच्चों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर के शिविरों में भाग दिलाया। इसकी सराहना की गई।


