नेशनल क्रिकेट अकादमी के लिए डीएवी के छात्र साकेत का चयन

भास्कर न्यूज | चाईबासा नेशनल क्रिकेट अकादमी, बेंगलुरु स्थित सेंटर आफ एक्सिलेंस के हेड वीवीएस लक्ष्मण की अध्यक्षता वाली कमेटी ने 2024-25 बीसीसीआई विजय मर्चेट ट्राफी अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले झारखंड के जिन तीन खिलाड़ियों का चयन नेशनल क्रिकेट क्लब के लिए हुआ है, उसमें चाईबासा के साकेत कुमार सिंह भी शामिल है। विजय मर्चेंट ट्रॉफी में झारखंड की कप्तानी करने वाले साकेत कुमार सिंह पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव सह नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह का पुत्र है। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में ये चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हैं तथा वर्तमान में सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल के कक्षा ग्यारहवीं में विज्ञान का छात्र है। सत्र 2024-25 में आंध्र प्रदेश के अलूर में खेले गए विजय मर्चेट ट्रॉफी की 6 पारियों में साकेत ने 49.3 की औसत से 296 रन बनाए थे। इसमें कर्नाटक के खिलाफ 58, उत्तराखंड के खिलाफ 79, विदर्भ के खिलाफ 81 तथा जम्मू कश्मीर के खिलाफ 43 रन शामिल हैं। हाल ही में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा रांची में आयोजित अंतर जिला अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम की ओर से खेलते हुए इन्होंने आठ पारियों में 249 रन बनाए थे। 18 अप्रैल से 14 मई तक तमिलनाडु के सलेम में पूर्व भारतीय क्रिकेटरों की देखरेख में चलने वाले प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए साकेत 17 अप्रैल को तमिलनाडु के लिए रवाना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *