भास्कर न्यूज| रायगड़ा पर्यावरण संरक्षण और कार्यस्थल सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जेकेपुर स्थित जेके पेपर मिल्स को द्वितीय वार्षिक ग्रीन एनवायरो सेफ्टी एक्सीलेंस अवॉर्ड–2026 के अंतर्गत प्लैटिनम श्रेणी से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित ग्रीन एनवायरो फाउंडेशन ने पेपर उद्योग में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। यह पुरस्कार 12 जनवरी को गोवा में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रिपाद येसो नाइक ने जेके पेपर मिल्स के जनरल मैनेजर (ईएचएस) सत्यजीत मोहंती को यह सम्मान प्रदान किया। कंपनी ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने सभी कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम और प्रतिबद्धता को दिया है। इस अवसर पर कार्यकारी उपाध्यक्ष (वर्क्स) विनय द्विवेदी ने सभी कर्मचारियों को इस सामूहिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान न केवल जेके पेपर मिल्स की पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाता है, बल्कि औद्योगिक सुरक्षा मानकों में उसके उच्च स्तर को भी प्रमाणित करता है।


