बीकानेर| भारत–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीमाजन कल्याण समिति एवं नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम ग्राम स्वास्थ्य सेवा यात्रा 20 दिसंबर को शुरू हुई। यह यात्रा दो दिनों के लिए आयोजित की गई, जिसके अंतर्गत भारत-पाक सीमा से सटे लगभग 1070 किलोमीटर क्षेत्र में एक साथ 205 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। उद्घाटन कार्यक्रम में विभाग संघचालक टेकचंद बरड़िया, जम्मू-कश्मीर प्रचारक नेमीचंद, एनएमओ अध्यक्ष डॉ. बीके बिनावरा, चंपेश, डॉ. रतिराम, डॉ. शिवराज, डॉ. राजकुमार राजपुरोहित, डॉ. पवन सारस्वत, डॉ.गौतम लूनिया, वासुदेव तथा शंभू सिंह आदि उपस्थित रहे। एनएमओ के डॉ. कौशल रंगा ने बताया कि यात्रा के अंतर्गत 21 दिसंबर को प्रातः 9 से दोपहर 3 बजे तक विभिन्न गांवों में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुए। शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच, बीपी, शुगर एवं रक्त जांच, निशुल्क दवा वितरण के साथ-साथ नेत्र, नाक, कान, गला, दंत एवं सामान्य रोगों का उपचार किया गया। शिविर में 50 से अधिक चिकित्सकों ने योगदान दिया।


