नोवामुंडी| टाटा स्टील ओएमक्यू डिवीजन द्वारा 35वां वार्षिक फ्लावर एंड वेजिटेबल शो 2025-26 का आयोजन 30-31 जनवरी को नोवामुंडी स्थित एमई स्कूल ग्राउंड में किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से आम जनता के लिए खुला रहेगा। इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे फूलों, सजावटी पौधों, मौसमी एवं जैविक सब्जियों का प्रदर्शन किया जाएगा। शो का उद्देश्य बागवानी, फूलों की खेती, सब्जी उत्पादन और हरित पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आयोजन में स्थानीय किसानों, बागवानी प्रेमियों, स्कूलों, स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। प्रदर्शनी में श्रेष्ठ फूलों और सब्जियों के लिए प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण तथा दर्शकों के लिए आकर्षक प्रदर्शन भी रखी गई है। टाटा स्टील ओएमक्यू डिवीजन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ इस प्रदर्शनी में शामिल होकर प्रकृति और हरियाली के इस उत्सव का आनंद लें। जगन्नाथपुर| जैंतगढ़ क्षेत्र में बेटियों का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। जैंतगढ़ जैसे छोटे से कस्बे की तीन अदद बेटियों ने नेशनल लेवल यूएसओ प्रतियोगिता में टॉपर रही। संजोग से तीनों वर्ग छ की छात्रा है। तीनों केरला इंग्लिश मीडियम स्कूल चंपुआ की छात्रा है। यूएसओ नेशनल टेस्ट्स 2025 के नाइंथ नेशनल आईटी और एआई टेस्ट्स में जैंतगढ़ निवासी शम्मा बानो और एन अहमद की पुत्री लीजा शमीम ने राष्ट्रीय स्तर यूएसओ प्रतियोगिता में टॉप किया है।अन्य टॉपर में अनाबिया काशिफ और मायसरा जमाल है। इन तीनों बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में परचम फहरा कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इनकी सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है। खास कर छात्राओं का उत्साह सातवीं आसमान में है। तीनों सफल छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र दिया गया है। केरला इंग्लिश मीडियम स्कूल चंपुआ में गणतंत्र दिवस के समारोह पर तीनों को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने इस सफलता के लिए छात्राओं को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


