भास्कर न्यूज | अमृतसर नेशनल साइक्लिंग में 14 साल की पलकप्रीत कौर ने गोल्ड जीतकर जिले और पंजाब का मान बढ़ाया है। पलकप्रीत ने 500 मीटर टाइम ट्रायल ट्रैक साइक्लिंग में गोल्ड जीता है। नेशनल ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप 19 से 23 दिसंबर तक रुद्रपुर (उत्तराखंड) में हुई। जिला खेल अधिकारी सविता कुमारी ने पलकप्रीत की सराहना की। डीएसओ ने कहा कि यह जीत जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। बता दें कि 3 साल से जिले में कोई नियमित या आउटसोर्स साइक्लिंग कोच तैनात नहीं था। डीएसओ के अनुरोध पर खेल विभाग की ओर से भूपिंदर कुमार को अस्थायी रूप से कोच नियुक्त किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है। पलकप्रीत ने 16 वर्ष आयु वर्ग की टीम स्प्रिंट स्पर्धा में भी ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है। खो-खो कोच राजन कुमार ने कहा कि यदि खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलें, तो जिले से भविष्य में और भी चैंपियन निकल सकते हैं। बता दें कि 13-17 जनवरी 2026 को रांची, झारखंड में होने वाली स्कूल नेशनल ट्रैक और रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप में जिले के 6 लड़के और 4 लड़कियां हिस्सा लेंगे। अंडर-14 में अरवजोत, प्रभनूर, मंकरनदीप, अंडर-17 में विश्वजीत, अंडर-19 में अर्शदीप और ध्रुव भाग लेंगे। लड़कियों में अंडर-14 में रज्जी, अंडर-17 में पलकप्रीत, जपनीत और अंडर-19 में जपनूर भाग लेंगी।


