नेशनल हाइवे 130, अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग में सोनतराई के पास शनिवार दोपहर कार एवं बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई एवं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ओव्हरटेक के चक्कर में हुआ। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे 43 में ग्राम सोनतराई के पास दोपहर डेढ़ बजे तेज रफ्तार में बाइक सामने से आ रहे कार से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक युवक शैलेश यादव (32 वर्ष) निवासी देवगढ़ के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं बाइक में पीछे बैठा युवक रोहित यादव (30 वर्ष) निवासी देवगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। ओव्हरटेक के दौरान हादसा
बाइक सवार युवक शैलेश यादव अपने साथी रोहित के साथ बाइक से अपना मोबाइल बनवाने सीतापुर आया हुआ था। वहाँ से दोनों बाइक में सवार होकर अपने घर वापस जाने निकले थे। ग्राम सोनतराई में सामने जा रही वाहन को बाइक सवारों ने ओवरटेक करने की कोशिश की और बाइक तेज रफ्तार में सामने से आ रही एसयूवी कार क्रमांक सीजी 16 सीएस 0172 से जा भिड़ी। घटना के बाद कार का चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने कार एवं बाइक को जब्त कर लिया है। घटना के बाद थाने में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। ग्रामीणों ने कार चालक को गिरफ्तार करने एवं पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की। पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण वापस लौटे।


