लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बिहार पुलिस द्वारा दर्ज की गई FIR के खिलाफ रायपुर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को राजीव गांधी चौक में कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर NDA सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन के दौरान पुलिस और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के हाथ से पुतला लेने और आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान पानी का छिड़काव किया गया और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग को नियंत्रित किया गया। केन्द्र सरकार राहुल गांधी को रोकने का प्रयास करती है युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी बिहार के दरभंगा में अंबेडकर छात्रावास जाकर दलित छात्रों से मिलने का प्रयास कर रहे थे, उस दौरान पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष को रोका और दूसरे ही दिन उन पर एफआईआर दर्ज किया । जब-जब राहुल गांधी दलित, युवाओं और छात्रों की आवाज उठाते हैं, केंद्र में बैठी एनडीए की सरकार उन्हें रोकने का प्रयास करती है। जिसके विरोध में आज हमने रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया है। राज्य की पुलिस भाजपा की मानसिकता के साथ चल रही आकाश शर्मा ने कहा, पुतला दहन करने के दौरान राज्य की पुलिस हमें जलते हुए पुतले में धकेलने का प्रयास कर रही थी। पुलिस द्वारा यह साबित हो गया कि राज्य शासन की पुलिस बीजेपी मानसिकता के साथ चल रही है । हम राज्य शासन और केंद्र की सरकार से यह कहना चाहते हैं कि जब-जब हमारे नेता राहुल गांधी युवाओं और दलितों की आवाज उठाएंगे और उन्हें रोका जाएगा तो युवा कांग्रेस का प्रदर्शन आने वाले समय में भी जारी रहेगा।।


