कोटा–चित्तौड़ नेशनल हाईवे पर आज सुबह डाबी इलाके में सड़क पार कर रही चार साल की मादा पैंथर को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पैंथर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर भीलवाड़ा वन विभाग के डीसीएफ ने कोटा वन विभाग की टीम को रेस्क्यू और उपचार के लिए अवगत कराया। इसके बाद कोटा वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी के साथ घायल पैंथर को बेहोश किया और उपचार के लिए कोटा लाया गया। कोटा वन विभाग के डीएफओ अनुराग भटनागर ने बताया कि भीलवाड़ा डीसीएफ से पैंथर के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में पैंथर की कमर और पैरों में गंभीर चोटें पाई गई हैं। फिलहाल कोटा में सीनियर वन्यजीव विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। डीएफओ भटनागर ने बताया कि घायल मादा पैंथर की उम्र करीब चार वर्ष है। वन विभाग की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


