नेशनल हाईवे 343, अंबिकापुर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग में गड्ढे से बेकाबू हुई बाइक में सवार युवक सड़क पर गिर गया। सड़क पर गिरे युवक को पीछे आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। युवक की मौके पर मौत हो गई। देर शाम युवक की शिनाख्त हो गई है। युवक के शव को मॉर्च्युरी में रखा गया है। मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार की शाम लगभग 5 बजे नेशनल हाईवे 343 पर बाइक क्रमांक सीजी 15 ई 8111 में सवार होकर युवक राजपुर से रामानुजगंज की ओर जा रहा था। जैसे ही वह तहसील कार्यालय के पास पहुंचा, उसकी बाइक सड़क पर गड्ढे के कारण अनियंत्रित हो गई। युवक बाइक से सड़क पर गिर गया। इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 15 ईई 2549 ने युवक को कुचल दिया। जब तक ट्रक चालक ने ब्रेक लगाया, ट्रक का अगला पहिया युवक पर चढ़ चुका था। मौके पर मौत, देर शाम हुई शिनाख्त
ट्रक का पहिया चढ़ने से युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक का चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। सूचना पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की शिनाख्त नहीं होने के कारण युवक के शव को हॉस्पिटल भेज दिया। शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। देर शाम युवक की शिनाख्त परसागुड़ी निवासी विजय (35 वर्ष) के रूप में हुई है। विजय शाम को सहकारी समिति जाने के लिए निकला था। सूचना पर परिजन भी देर शाम मौके पर पहुंच गए। खराब सड़क के कारण हो रहे हादसे
राजपुर शहर की सीमा गेउर नदी से तहसील कार्यालय तक सड़क निर्माण का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। इसके कारण लोग धूल से परेशान हो रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के बावजूद नेशनल हाईवे के काम में तेजी नहीं आई है। नेशनल हाईवे के धीमें निर्माण से लोगों में आक्रोश है।


