भास्कर न्यूज| जैसलमेर शहर की जवाहरलाल नेहरू आवासीय कॉलोनी के निवासियों ने गुरुवार को नगर परिषद आयुक्त लजपालसिंह सोढ़ा को कॉलोनी में व्याप्त समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। कॉलोनी विकास समिति के कोषाध्यक्ष दशरथसिंह राठौड़ सिहड़ार ने बताया कि 2014 में कॉलोनी के भूखंडों का आवंटन होने बावजूद आज तक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। पेयजल के लिए रहवासियों को महीने के 5 से 6 टैंकर 500-600 रुपए में डलवाने पड़ रहे है। वह पानी खारा एवं फ्लोराइडयुक्त होता है। समिति के सचिव मोहब्बत लाल एवं सह सचिव आंबसिंह दूजासर ने बताया कि जब तक पाइप लाइन के माध्यम से पानी की सप्लाई चालू नहीं हो, तब तक वैकल्पिक तौर पर पानी के टैंकरों के माध्यम से परिषद व्यवस्था कर कॉलोनी वाशिंदों को पेयजल के रूप में मीठे पानी से लाभांवित करें। समिति के नीरज भाटिया एवं हुकमाराम पंवार ने बताया कि कॉलोनी में अभी तक पूर्ण रूप से विद्युतीकरण का कार्य नहीं हुआ है। उसको जल्द से जल्द करवाया जाए। इसके साथ रोड लाइट लगवाई जाए ताकि रात्रिकालीन में चोरी का खतरा कम हो सके। ज्ञापन में बताया कि कॉलोनी में फैली हुई बबूल की झाड़ियों को जल्द से जल्द कटवाकर उनको निस्तारित किया जाए। सीवरेज का कार्य जल्द से जल्द करवाया जाए ताकि कॉलोनी में गंदगी नहीं फैले। इसके साथ विभिन्न मांगों में पार्कों की चारदीवारी निर्माण कार्य, अधूरी सड़कों पर डामरीकरण का कार्य जल्द से जल्द करवाने की मांग की गई। नगर परिषद आयुक्त ने सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करवाकर कॉलोनी वासियों को मूलभूत सुविधाओं से लाभांवित करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान समिति के भजनलाल व नरपतसिंह भी मौजूद रहे।


