नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एंप्लाय यूनियन की सेमिनार में बोले डीआरएम:सुरक्षित रेल संचालन व बेहतर यात्री सुविधा हों सर्वोच्च प्राथमिकता

जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन और मूलभूत यात्री सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ कोई समझौता नही किया जा सकता। रेल प्रशासन अपने कर्मचारियों के कल्याण के लिए भी कटिबद्ध है। उन्होंने ये बात कही नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाय यूनियन जोधपुर मंडल की ओर से शनिवार को हरीश जोशी मार्ग स्थित कार्यालय में आयोजित कॉमर्शियल व ऑपरेटिंग कोटि के सेमिनार में। त्रिपाठी ने कहा कि कर्मचारियों की उच्च कार्यकुशलता, ईमानदारी और समर्पण भावना से कार्य किए बिना सुरक्षित रेल संचालन की उम्मीद भी नहीं की जा सकती। इसके लिए रेलवे अपने कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हमेशा प्रयास करती है। उन्होंने जोधपुर मंडल के कर्मचारियों से मंडल को स्वच्छ व आदर्श मंडल बनाने का आव्हान करते हुए कर्मचारी संगठनों की मांगों के हरसंभव समाधान का भरोसा दिलाया। इससे पहले यूनियन के जोनल अध्यक्ष मंडल मंत्री मनोज कुमार परिहार व जोनल महामंत्री मुकेश माथुर ने डीआरएम का पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार यूनियन कार्यालय में आने पर सैंकडो कर्मचारियों की मौजूदगी में त्रिपाठी का गर्मजोशी से स्वागत किया। सेमिनार में यूनियन के जोनल महामंत्री माथुर और जोनल अध्यक्ष परिहार ने रेल कर्मचारियों की कॉमर्शियल और ऑपरेटिंग से जुड़ी विभिन्न मूलभूत और कैडर से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए न केवल उनके समाधान की डीआरएम से मांग की, बल्कि सभी मदों, विशेषकर सेफ्टी के रिक्त पड़े पदों पर नई नियुक्तियों का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भिजवाने का आग्रह किया। इस अवसर पर इंडियन रेलवे टिकट चेकिंग स्टाफ ऑर्गेनाइजेशन के मंडल सचिव के जे अय्यर, यूनियन के समदड़ी शाखा सचिव मनोज शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष जसवीर सिंह, सहायक मंडल मंत्री आशा खींची इत्यादि ने कॉमर्शियल व ऑपरेटिंग कोटि से जुड़ी समस्याएं रखी। इस दौरान यूनियन के केंद्रीय सहायक मंडल मंत्री संजय मीणा व सहायक मंडल महामंत्री मोइन खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। अंत में मंडल अध्यक्ष महेंद्र व्यास ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *