रांची के सुखदेवनगर थाना के सामने स्थित खादगढ़ा और मधुकम रूगड़ीगढ़ा में बने बीएसयूपी आवास में अवैध रूप से रह रहे 250 लोगों को फ्लैट खाली करने का नोटिस मिला है। नगर निगम ने फ्लैटधारियों के नोटिस देकर 5 फरवरी की दोपहर 2 बजे तक फ्लैट खाली करके निगम को सौंपने के लिए कहा है। निगम का नोटिस मिलने के बाद खादगढ़ा और रूगड़ीगढ़ा में अवैध कब्जा करने वाले फ्लैटधारियों के बीच हड़कंप मच गया है। मंगलवार को दोनों स्थानों पर रहने वाले सैकड़ों लोग निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने निगम के अधिकारियों के समक्ष अपनी बातें रखीं। लेकिन, उन्हें दो टूक कहा गया कि बिना आवंटन के फ्लैट में रहने वालों को किसी भी सूरत में फ्लैट में नहीं रहने दिया जाएगा। इधर, फ्लैट खाली करने का नोटिस मिलने के बाद राजनीति भी तेज हो गई है। नगर निकाय चुनाव की संभावना को देखते हुए भाजपा और झामुमो के नेता अपने-अपने स्तर से इस मुद्दे के भुनाने में जुट गए हैं। जिन लोगों को फ्लैट खाली करने का नोटिस मिला है, उनके पक्ष में झामुमो के अरुण वर्मा सहित अन्य नेता खड़े हो गए हैं। दूसरी ओर पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने मंगलवार को निगम प्रशासक से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि फ्लैट में रहने वाले सभी परिवार काफी गरीब हैं। दूसरे के घर में झाडू-पोंछा करके वे अपना जीविकोपार्जन करते हैं। ऐसे में उन्हें बेघर कर दिया गया तो हजारों लोग सड़क पर आ जाएंगे। ऐसा हुआ तो पूरे शहर में जोरदार आंदोलन होना तय है। प्रशासक ने नोटिस का समय आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। हालांकि, फ्लैट का आवंटन उनके नाम करने से इंकार कर दिया। रवि मुंडा ने दी आंदोलन की चेतावनी बीएसयूपी आवास में रहने वालों के साथ भाजपा नेता रवि मुंडा भी निगम के अधिकारियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि गरीबों को उजाड़ने का प्रयास किया गया तो पूरा शहर अशांत हो जाएगा। निगम के अधिकारी नोटिस वापस नहीं लेते हैं तो निगम मुख्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।


