नोहर में अज्ञात जानवर का हमला, 1 व्यक्ति घायल:खेतों में मिले बड़े पदचिह्न, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

हनुमानगढ़ के नोहर क्षेत्र में एक अज्ञात जंगली जानवर के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। सोमवार शाम जानवर ने एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल है और लोग शाम होते ही अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार बिरकाळी गांव की रोही स्थित एक ढाणी में रहने वाले मांगीलाल रणवा पर सोमवार शाम करीब 6:30 बजे अज्ञात जानवर ने हमला किया। हमले में मांगीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत नोहर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए बीकानेर रेफर कर दिया गया। मांगीलाल का इलाज फिलहाल बीकानेर में जारी है। ग्रामीणों ने जानवार को घूमते हुए देखा
ग्रामीणों ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले बिरकाळी से मालिया की ओर जाने वाले खेतों में एक बड़े जानवर को घूमते हुए देखा गया था। खेतों और रेत में बड़े तथा स्पष्ट पदचिह्न भी मिले हैं। इन पदचिह्नों को देखकर ग्रामीणों को आशंका है कि यह कोई हिंसक जंगली जानवर जैसे तेंदुआ या जरख हो सकता है। हालांकि, जानवर की प्रजाति की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। खेतों में जाने से डर रहे लोग
इस घटना के बाद सोनड़ी, बिरकाळी, असरजाना, किकराली समेत आसपास के गांवों और ढाणियों में भय का माहौल है। किसान खेतों में जाने से हिचकिचा रहे हैं, वहीं पशुपालक अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कई ग्रामीणों ने रात के समय पहरा देने की तैयारी भी शुरू कर दी है। वन विभाग ने ग्रामीणों से एहतियात बरतने की अपील की है। क्षेत्रीय वन अधिकारी नरेंद्र सिंह ने सलाह दी है कि ग्रामीण खेतों में अकेले न जाएं, बल्कि समूह में निकलें और रात के समय ढाणियों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि, जानवर के दिखने या पदचिह्न मिलने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय पुलिस को सूचित करने को कहा है। वन विभाग क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है ताकि स्थिति को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *