डीडवाना में करोड़ों की साइबर ठगी गैंग का भंडाफोड़:ऑनलाइन गेमिंग धोखाधड़ी में 3 आरोपियों को दबोचा

डीडवाना पुलिस ने साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से लगभग 15 लाख रुपए मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंक दस्तावेज तथा अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह झलामलिया गांव में एक मकान को अपना ठिकाना बनाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। 8 फरवरी को मिली सूचना के आधार पर गच्छीपुरा थाना पुलिस ने दबिश दी। मौके से सुनील डसानिया उर्फ सोनू डसानिया (निवासी बड़ी खाटू, नागौर), महेंद्र सरेडिया (निवासी झलामलिया) और रघुवीर पंडेल (निवासी छोटी खाटू, डीडवाना-कुचामन) को गिरफ्तार किया गया। 44 मोबाइल, 9 लैपटॉप समेत सामान बरामद
दबिश के दौरान आरोपियों के पास से 44 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 82 एटीएम कार्ड, 9 लैपटॉप, एक टैबलेट, 22 बैंक पासबुक, 6 चेकबुक, 2 बायोमेट्रिक मशीन, 5 सिम कार्ड, एक एयरटेल वाई-फाई डिवाइस, पैन कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी भोले-भाले लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेते थे। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम को जमा करने और निकालने के लिए किया जाता था। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *