पंचायतीराज-नगर निकाय चुनाव:जिलों में 3 साल तक रहने वाले आरपीएस और एसआई-इंस्पेक्टर के ट्रांसफर होंगे, 30 अप्रैल ‘कट ऑफ डेट’

आगामी पंचायतीराज संस्थाएं और नगर निकाय के आम चुनावों को देखते हुए पुलिस महकमे में एसआई-इंस्पेक्टर और आरपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर किए जाएंगे। इसके लिए 30 अप्रैल ‘कट ऑफ डेट’ तय की गई और 28 फरवरी तक पुलिस मुख्यालय को पालना रिपोर्ट भेजनी होगी। प्रदेश में आने वाले दिनों में पंचायतीराज और नगर निकाय चुनाव कराए जाएंगे। इसे देखते हुए पुलिस महकमे में एसआई-इंस्पेक्टर और आरपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर, पदस्थापन की तैयारी शुरू कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक 30 अप्रैल, 26 को ‘कट ऑफ डेट’ मानते हुए पंचायत समिति, नगर पालिका और नगर निगम क्षेत्र में पिछले चार में से तीन साल से ज्यादा कार्यरत रहे एसआई-इंस्पेक्टर उस क्षेत्र में पदस्थापित नहीं रहेंगे। उन्हें हटाया जाएगा। इसके अलावा एक ही जिले में तीन सालों से जमे आरपीएस अधिकारियों का भी ट्रांसफर किया जाएगा। बीकानेर रेंज में ऐसे एसआई-इंस्पेक्टर और आरपीएस अधिकारियों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। सभी जिलों में ऐसे अधिकारियों की लिस्ट 11 फरवरी तक पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी। आरपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर सरकार और पीएचक्यू स्तर पर होंगे। दायरे में आने वाले पुलिस अधिकारियों के ट्रांसफर कर 28 फरवरी तक पालना रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजनी होगी। निष्पक्ष चुनाव हों, इसलिए किए जाते हैं ट्रांसफर
हर आम चुनाव से पहले पुलिस महकमे में में बड़ी संख्या में ट्रांसफर, पदस्थापन किए जाते हैं। विधानसभा चुनाव हो निकाय चुनाव या फिर पंचायती राज चुनाव। निर्वाचन आयोग की पहली प्राथमिकता होती है कि चुनाव बिल्कुल निष्पक्ष तरीके से संपन्न हों। इसके लिए पुलिस महकमे में लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे पुलिस अधिकारियों को ट्रांसफर किया जाता है जिससे कि वह किसी भी तरह से चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित न कर सकें। इसीलिए आगामी पंचायती राज और निकाय चुनाव को देखते हुए सीनियर इंस्पेक्टर और आईपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर किए जाएंगे। “रेंज के चारों जिलों में तय किए गए दायरे में आने वाले एसआई-इंस्पेक्टर और आरपीएस अधिकारियों का पता लगाकर सूचीबद्ध किया जा रहा है। इस संबंध में चारों जिलों के एसपी से जानकारी मांगी है।”
– हेमंत शर्मा, आईजी बीकानेर रेंज

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *