भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाबी सिंगर प्रेम ढिल्लों पर अफीम जैसे प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के सेवन और गन कल्चर को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगे हैं। इंटरनेशनल ह्यूमन राईट्स आर्गेनाइजेशन के पंजाब अध्यक्ष गुरमीत सिंह बबलू ने एसएसपी देहाती सोहेल मीर को शिकायत देकर पंजाबी सिंगर के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। उनका आरोप है कि प्रेम ढिल्लों के कुछ म्यूजिक वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट में अफीम का सेवन करते हुए दृश्य सामने आए। अफीम एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित मादक पदार्थ है और इस तरह के दृश्य युवाओं को नशे की ओर आकर्षित करने के साथ-साथ समाज में गलत संदेश फैलाते हैं। उन्होंने मांग की है कि जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाए कि प्रतिबंधित अफीम प्रेम ढिल्लों तक कैसे पहुंची, इसकी आपूर्ति किसने की और नशे का नेटवर्क पंजाब से चंडीगढ़ तक कैसे संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य आपराधिक कानूनों के तहत गंभीर अपराध बनता है। शिकायत में सिंगर को दी गई पुलिस सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। उनका यह भी आरोप है कि प्रेम ढिल्लों के साथ चलने वाले वाहनों में काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) लगी हुई है, जो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन हो सकता है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध (चैप्टर-2)’ का जिक्र करते हुए कहा कि प्रभावशाली कलाकारों द्वारा नशे और हथियारों का महिमामंडन इस अभियान की गंभीरता को कमजोर करता है और युवाओं पर नकारात्मक असर डालता है। गुरमीत सिंह बबलू ने पंजाब के मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रेम ढिल्लों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए, कथित नशे और सप्लाई नेटवर्क की पूरी जांच करवाई जाए, नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई हो, पुलिस सुरक्षा के दुरुपयोग की जांच कर जरूरत पड़ने पर सुरक्षा वापस ली जाए और गानों व सोशल मीडिया में गन कल्चर व नशे के प्रचार पर प्रभावी रोक लगाई जाए।


