जालंधर| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति का आगाज कर चुके हैं। इसके साथ ही कांग्रेस ने भी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। पंजाब में सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में जहां-जहां हलका प्रभारी, ब्लाक प्रधान आदि के पद खाली हैं, ये भरे जाएंगे। पंजाब कांग्रेस के प्रधान पद को लेकर फैसला लिया जा सकता है। पंजाब के सभी जिलों के शहरी व देहाती कांग्रेस कमेटियों के प्रधानों के साथ राहुल गांधी 10 फरवरी को दिल्ली में मीटिंग करेंगे। रविवार को पंजाब मामलों के सहप्रभारी रविंद्र डालवी जालंधर पहुंचे। यहां कांग्रेस भवन में जालंधर के सभी 9 विस हलकों की टॉप की लीडरशिप के साथ मीटिंग की गई। इसमें विधायक, हलका प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष और बूथ स्तर के वर्कर पहुंचे।


