भास्कर न्यूज | जालंधर हादसों के हाईवे जालंधर भोगपुर पर काला बकरा के पास रविवार दोपहर सड़क हादसा हो गया। राहगीरों से मिली सूचना के अनुसार करीब 2:30 बजे टिप्पर और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें एक युवक का पैर ही अलग हो गया। घायलों की पहचान जश्न पुत्र सुखदेव सिंह और राजवीर सिंह पुत्र जगजीत सिंह, दोनों निवासी चोलांग के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टिप्पर (पीबी07सीए8484) और बाइक दोनों जालंधर से पठानकोट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पैलेस के पास अचानक दोनों वाहनों की टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। जानकारों ने बताया कि हादसा ओवरटेक के चक्कर में हुआ है। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। एसएसएफ के इंचार्ज सतनाम सिंह ने बताया कि एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस द्वारा घायलों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई थी। घटना स्थल पर थाना अलावलपुर के एएसआई परमजीत सिंह भी पहुंचे। पुलिस के अनुसार टिप्पर चालक की पहचान लखविंदर सिंह निवासी खंडूरी, जिला होशियारपुर के रूप में हुई है। बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जिसको लेकर भी जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने ट्रैफिक को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में लापरवाही या तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।


