होशियारपुर-जालंधर रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह गांव मंडियाला के पास रेलगाड़ी की चपेट में आने से महिला और बच्चे की मौत हो गई। जीआरपी चौकी इंचार्ज एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि शव पहचान हेतु 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर में रखवा दिए है। बताया गया कि सुबह होशियारपुर से जालंधर जा रही डीएमयू ट्रेन की चपेट में आने से महिला और बच्चे की मौत हुई। महिला की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष और बच्चे की उम्र करीब डेढ़ वर्ष लग रही है। पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के गांव में मुनादी भी करवाई।


