पंजाब जल्द देश का अग्रणी राज्य बनेगा, नशे के खिलाफ पंजाबी आगे आएं: सीएम

पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान ने लुधियाना स्थित गांव नारंगवाल और होशियारपुर स्थित कस्बा टांडा उड़मुड़ में नशे के खिलाफ हुंकार भरी। मान ने कहा कि पंजाब जल्द नशों की जकड़ से बाहर निकलकर देश का अग्रणी राज्य बनेगा और सहयोग के लिए सभी पंजाबी आगे आएं। सीएम ने बताया कि नशे की सप्लाई चेन तोड़ दी गई है और बड़े तस्कर जेल में हैं। समारोह में महिलाओं की भागीदारी अच्छा संकेत है। अगर महिलाएं आगे आईं तो नशे का जल्द सफाया होगा। पहले नेता लोगों से मिलने से डरते थे। अब सरकार खुद लोगों से फीडबैक ले रही है ताकि वे राज्य के विकास में भागीदार बनें। सीएम ने कहा कि जो नेता अपने बाथरूम में सोने की टोंटियां लगवाते थे, वे लोगों के संघर्ष को नहीं समझते। ऐसे नेताओं को जनता ने नकार दिया है। अब वे जेल में हैं या जमानत के लिए भाग रहे हैं। तस्करों की पीठ थपथपाने वालों ने पंजाब बर्बाद किया, नशे की चेन तोड़ने के बाद सरकार का अब पुनर्वास पर फोकस है : केजरीवाल नशामुक्ति यात्रा के दौरान आप संयोजक केजरीवाल ने कहा कि पिछली सरकारों की मिलीभगत के कारण नशों ने राज्य को अपनी चपेट में लिया है। पीड़ित परिवारों ने भावुक होकर तकलीफें साझा की हैं, जिससे सिद्ध होता है कि पिछली सरकारों ने नशों से निपटने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। पिछली सरकारों ने न सिर्फ नशा बेचने वालों को संरक्षण दिया, बल्कि उन्होंने खुद सरकारी वाहनों में काला कारोबार चलाया। राज्य सरकार अपने नौजवानों को इस दलदल का शिकार नहीं होने देगी। नशा तस्करों की पीठ थपथपाने वालों ने पंजाब बर्बाद किया है, जबकि नशे की चेन तोड़ने के बाद अब सरकार का फोकस पुनर्वास पर है। उन्होंने कहा कि नशे की यह बुराई रातों-रात नहीं पैदा हुई, बल्कि कई साल से इसने पैर पसारे हैं। सीएम मान के नेतृत्व वाली सरकार नशे के खात्मे के लिए दोहरी नीति अपनाएगी, जिसके तहत एक तरफ नशा तस्करी को रोका जाएगा और दूसरी तरफ नशे से निपटने के लिए नौजवानों की सकारात्मक ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जाएगा। राज्य में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द 3 हजार गांवों में 3 हजार जिम बनाए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *