जालंधर| शनिवार को निर्मला संत मंडल पंजाब ने संत सीचेवाल को लेकर नेता प्रतिपक्ष परताप सिंह बाजवा द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की। निर्मला संत मंडल ने पंजाब में कांग्रेस के बहिष्कार का ऐलान किया है। मंडल के सदस्यों ने कहा कि जब तक बाजवा माफी नहीं मांगते, तब तक उन्हें गुरुद्वारों में कोई सम्मान नहीं दिया जाएगा। संत अमरीक सिंह खखरैण (सीनियर मीत प्रधान), संत हरजिंदर सिंह चाय वाले (मीत प्रधान), जीत सिंह रड़ा (सचिव), समेत संतों द्वारा जारी किए गए बयान में कहा गया है कि पंजाब का हर वर्ग पर्यावरण की रक्षा के लिए संत सीचेवाल के योगदान की सराहना करता है। दुनिया भर के लोग संत सीचेवाल को पर्यावरण संरक्षण के लिए रोल मॉडल मानते हैं। विश्व की प्रसिद्ध टाइम मैगजीन ने भी उन्हें 30 पर्यावरण नायकों में शामिल किया है। मंडल के सदस्यों ने कहा कि बाजवा ने संत सीचेवाल को लेकर जो टिप्पणी की है, वह अत्याधिक निंदनीय है। उन्हें तत्काल संत सीचेवाल से माफी मांगनी चाहिए।


