भास्कर न्यूज | अमृतसर सीबीएसई और पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू होने जा रही है। सीबीएसई 10वीं का मैथ और 12वीं का बॉयो टेक्नोलॉजी का पेपर होगा। जबकि पंजाब बोर्ड की 8वीं का पहला पेपर इंग्लिश, जबकि 12वीं का होम साइंस का पेपर होगा। हालांकि पंजाब बोर्ड की 10वीं का पहला पेपर 6 मार्च को होगा। शिक्षा विभाग ने परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, नकल रहित और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में परीक्षाओं के लिए कुल 424 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें से 220 परीक्षा केंद्र हैं। इसके अलावा 204 सेल्फ सेंटर बनाए गए हैं, जहां डीए कोड के स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे। जिले में कुल 83,077 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में बैठेंगे। इनमें 8वीं के 28,232, 10वीं के 27,518 और 12वीं के 27,327 विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, प्रश्न पत्रों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, स्वच्छता और बिजली की सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षाओं की मॉनिटरिंग के लिए डीईओ (सेकंडरी) कार्यालय अमृतसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसमें राजदीप सिंह (स्टेनो), सुखपाल सिंह (लेक्चरर), गुरबीर सिंह (कंप्यूटर फैकल्टी), अमरजीत सिंह (कंप्यूटर फैकल्टी) और गौरव अरोड़ा (कंप्यूटर फैकल्टी) को तैनात किया गया है। यह टीम परीक्षा केंद्रों के कंट्रोलरों और परीक्षा स्टाफ को आने वाली किसी भी समस्या का तुरंत समाधान उपलब्ध करवाएगी। शिक्षा विभाग ने सभी सुपरिंटेंडेंट और डिप्टी सुपरिंटेंडेंट को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए हैं। जिला प्रशासन ने भी उड़न दस्तों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने की व्यवस्था की है, ताकि परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सकें। डीईओ राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि सभी केंद्र कंट्रोलरों को बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार बैठने की व्यवस्था, प्रश्न पत्रों की सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


