पंजाब में कल किसानों का प्रदर्शन:मोगा में भाकियू नेता बोले- ट्रंप-मोदी समझौता कृषि व्यवस्था के लिए घातक

किसान नेताओं ने केंद्र सरकार के कथित ट्रंप-मोदी समझौते को किसान विरोधी बताया है। भारतीय किसान यूनियन खोसा, जिला मोगा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखजिंदर सिंह खोसा और मुख्य प्रवक्ता बलजिंदर सिंह खालसा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार ऐसे फरमान जारी कर रही है, जो देश की कृषि व्यवस्था के लिए हानिकारक हैं। प्रेस से बातचीत में उन्होंने कहा कि पहले लागू किए गए कृषि कानूनों के बाद अब यह नया समझौता किया गया है। नेताओं ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुआ यह समझौता देश के अनाज भंडार और कृषि प्रणाली के लिए ‘घातक’ साबित हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस समझौते की शर्तें जनता से गुप्त रखी जा रही हैं। किसान नेता बोले- देशभर में किसान आंदोलन के लिए तैयार किसान नेताओं ने घोषणा की कि इस नीति के विरोध में देशभर के किसान आंदोलन के लिए तैयार हैं। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की ओर से 17 फरवरी, मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पंजाब के सभी जिलों के डीसी कार्यालयों के सामने प्रदर्शन किए जाएंगे। इस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति, भारत के प्रधानमंत्री और पंजाब के मुख्यमंत्री के पुतले फूंके जाएंगे। किसान नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन सरकारों के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि किसान और मजदूर एकजुट होकर किसी भी किसान विरोधी नीति को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *