बारात में नाचने पर विवाद, चाकू से हमला:जांजगीर-चांपा में फरार आरोपी और नाबालिग गिरफ्तार, पहले पकड़े जा चुके हैं दो आरोपी

जांजगीर-चांपा जिले में बारात में नाचने को लेकर हुए विवाद में चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 20 वर्षीय सोमवीर उर्फ सुमबीर यादव और एक नाबालिग शामिल है। यह कार्रवाई सारागांव थाना पुलिस ने की है। घटना 10 फरवरी की शाम ग्राम अफरीद में हुई थी। पीड़ित गौरव बरेठ अपने दोस्तों के साथ बारात में शामिल होने आया था। इसी दौरान ग्राम बोरसी से आए अन्य बारातियों से नाचने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गौरव बरेठ और उसके साथी सागर बरेठ पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल बिलासपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल का बयान दर्ज मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से जांच की। घायल गौरव बरेठ का बिलासपुर के अस्पताल में कार्यपालिक दंडाधिकारी के सामने बयान भी दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस पहले ही अमर यादव और अमीर यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। हाल ही में फरार चल रहे सोमवीर उर्फ सुमबीर यादव और विधि से संघर्षरत बालक को दबिश देकर पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 191(2), 191(3), 296 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *