पंजाब में सुबह के वक्त धुंध की वजह से 3 जगह एक्सीडेंट हुए। इसमें लुधियाना में 2 जगह कई गाड़ियां भिड़ गईं जबकि जालंधर में गाड़ी गंदे नाले में गिर गई। इन हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि गाड़ियों का काफी नुकसान हुआ। लुधियाना के खन्ना में गांव अजनोद के पास धुंध में कई वाहन टकरा गए। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। दरअसल, यहां घरेलू गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक से हुआ, जिसके सामने अचानक एक कार आ गई। कार को बचाने के प्रयास में ट्रक ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे ट्रक में लदे कुछ गैस सिलेंडर सड़क पर गिर गए। पीछे आ रही गाड़ियों ने भी अचानक ब्रेक लगाए, लेकिन सीमेंट से लदा एक बड़ा ट्रक समय पर नहीं रुक सका। उसने आगे खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि गैस सिलेंडर सुरक्षित रहे। इसके अलावा लुधियाना के समराला में चंडीगढ़-लुधियाना बाइपास पर एक कार और बस की जोरदार टक्कर हो गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार बच गए, लेकिन गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को कार में देसी शराब की बोतलें भरी मिली। पुलिस अब कार सवारों की तलाश कर रही है। उधर, जालंधर के मकसूदां में घने कोहरे के कारण वेरका दूध कंपनी की गाड़ी गंदे नाले में गिर गई। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक का बचाव हो गया। दूसरे हादसे में श्री गुरु रविदास चौक के नजदीक सुपर बेकरी की गाड़ी और बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में गाड़ी चालक ने नीचे बाइक सवार आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। पंजाब के अमृतसर और जालंधर में विजिबिलिटी जीरो रही
वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, आदमपुर में शीतलहर, अमृतसर, आदमपुर, जालंधर, लुधियाना और चंडीगढ़ में बहुत घना कोहरा रिकॉर्ड किया गया है। अमृतसर व जालंधर में विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई। जबकि पटियाला में (40 मीटर), लुधियाना में (50 मीटर), गुरदासपुर और बल्लोवाल सौकरी में (50 मीटर) और चंडीगढ़ में (20 मीटर) तक रह गई थी। चंडीगढ़ एयरपोर्ट की सुबह से 8 फ्लाइट प्रभावित हुई
चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर आज सुबह भी धुंध की वजह से 5.20 बजे की मुंबई, 7.05 पर कोलकाता, आठ बजे बेंगलुरु और 8.20 पर मुंबई जाने वाली फ्लाइट प्रभावित हुई है। इस तरह 5.55 पर पुणे, 7.10 पर दिल्ली, 7.30 बेंगलुरु और 7.45 मुंबई से आने वाली फ्लाइट प्रभावित हुई है। हिमाचल के कुकुमसेरी में -4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया
उधर, हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, वहीं मैदानी और निचले इलाकों में घना कोहरा छा रहा है, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी कर दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है। प्रदेश में सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले तीन ऐसे रहेगा मौसम का हाल मौसम की अपडेट जानने के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाएं…


