कपूरथला में पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बोट एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की है। यह सेवा दूर-दराज की बस्तियों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगी। सुल्तानपुर लोधी में इसकी सौगात मिली। बोट एम्बुलेंस में तैनात मेडिकल टीमें लोगों की स्वास्थ्य जांच करेंगी। साथ ही आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने नाव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर सरकारी सहायता का आश्वासन दिया। पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। डेंगू, चिकनगुनिया और त्वचा रोगों से बचाव के लिए लोगों को ओआरएस और क्लोरीन की गोलियां वितरित की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम बाढ़ प्रभावित लोगों की सेवा में जुटी है। मंत्री ने बताया कि सीएम भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार लोगों की मदद कर रही है। सरकारी अस्पतालों में 1000 डॉक्टरों की नई भर्ती की जा रही है। सितंबर तक डॉक्टरों और नवंबर तक स्टाफ नर्सों को सरकारी अस्पतालों में तैनात करेंगे- स्वास्थ्य मंत्री
इसके अलावा 450 स्टाफ नर्सों की भर्ती प्रक्रिया भी चल रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लोगों की पूरी तत्परता से सेवा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस साल सितंबर तक डॉक्टरों और नवंबर तक स्टाफ नर्सों को सरकारी अस्पतालों में तैनात कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और स्टाफ नर्सों की तैनाती के बाद आईसीयू की सुविधा निर्बाध रूप से शुरू हो जाएगी, जिससे लोगों को और बेहतर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ कि सीएम भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं, जिनमें से लगभग सवा सौ डॉक्टरों ने ड्यूटी जॉइन कर ली है। सेवानिवृत्त विशेषज्ञ डॉक्टरों को स्वास्थ्य मिशन के तहत भर्ती-स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इसके अलावा सेवानिवृत्त विशेषज्ञ डॉक्टरों की भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत भर्ती की जा रही है और जहां इनकी जरूरत है, वहां इन्हें तैनात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आपातकालीन सेवाओं को अस्पतालों में सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों को पूरा सहयोग दें ताकि हर तरह की स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से उन तक पहुंचाई जा सकें। इसके अलावा उन्होंने लाख वरियाह के राहत केंद्र का भी दौरा किया और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य संत बाबा बलवीर सिंह सीचेवाल, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन और हलका इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा, सिविल सर्जन डॉ. हरपाल सिंह और अन्य उपस्थित थे।


