कपूरथला में CM ने की बाढ़ प्रभावित इलाकों की जांच:बोले- नुकसान की भरपाई करेगी सरकार, विशेष गिरदावरी के निर्देश

कपूरथला में शुक्रवार को सीएम भगवंत मान ने बाढ़ से हुए नुकसान की पूरी भरपाई का ऐलान किया है। उन्होंने जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। सीएम ने प्रभावित इलाकों में विशेष गिरदावरी के आदेश दिए हैं। सीएम ने बताया कि पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के कारण राज्य में यह स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान जारी हैं। भगवंत मान ने कहा कि वह प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न स्थिति की नियमित निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में ऐसी आपदाओं से होने वाले नुकसान को रोकने के उपाय खोजने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने आश्वासन दिया कि सरकार संकट की इस घड़ी में लोगों के साथ खड़ी है। लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सुनिश्चित करने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। सरकार नुकसान की पाई-पाई की भरपाई करेगी-सीएम मान
भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार ने राज्य में बाढ़ के कारण लोगों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए विशेष गिरदावरी के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विशेष गिरदावरी निष्पक्षता से करवाना सुनिश्चित करें ताकि लोगों को उनके नुकसान का उचित मुआवजा दिया जा सके। सीएम ने कहा कि लोगों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने के लिए, फसलों, पशुधन, मकानों आदि के अलावा हर नुकसान को विशेष गिरदावरी में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन निचले इलाकों में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के बाद लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। भगवंत सिंह मान ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी सरकार बाढ़ के दौरान हुए नुकसान की पाई-पाई की भरपाई करेगी। इससे पहले, जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने सीएम को बाढ़ के कारण उत्पन्न स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान, भगवंत सिंह मान ने मक्खू से हरिके पत्तन तक बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *