पंजाब में 2 बदमाशों की गोली मारकर हत्या:क्राइम पार्टनर ने ही सोते वक्त मारी गोलियां; तीनों दोस्त के घर छुपे थे

पंजाब के जालंधर में 2 बदमाशों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करने वाला इन दोनों का क्राइम पार्टनर ही है। तीनों लम्मा पिंड चौक पर अपने किसी दोस्त के घर छिपकर सो रहे थे। जहां उनके किसी बात पर बहस हो गई। जिसके बाद जब 2 गहरी नींद में थे तो तीसरे ने उन्हें 7 से 8 गोलियां मार दी। घटना के बाद पुलिस वहां पहुंची और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाए। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद कहा कि मरने वालों में मोता सिंह नगर का रहने वाला शिव (24) और बस्ती शेख का रहने वाला विनय तिवारी (22) शामिल है। इन युवकों को मिट्‌ठापुर के रहने वाले युवक मन्ना ने गोलियां मारी हैं। दोनों युवकों को एक ही पिस्टल से गोलियां मारी गईं हैं। पुलिस ने क्राइम सीन से गोलियों के कुछ खोल बरामद किए हैं। मरने वाले दोनों युवकों और गोलियां मारने वाले आरोपी ने मिलकर मोता सिंह नगर में 2 युवकों को गोलियां मारी थी। जिसके बाद तीनों युवक थाना डिवीजन नंबर-6 में दर्ज एक मामले में वांछित थे। पुलिस बोली- हम इनकी तलाश कर रहे थे
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोलियां मारने वाला आरोपी मन्ना भी मृतकों का साथी था। कुछ समय पहले तीनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मोता सिंह नगर में एक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने जब केस दर्ज किया तो तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस को इनकी तलाश थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों वांछित युवकों में शुक्रवार रात किसी बात को लेकर बहस और लड़ाई हो गई थी। तीनों एक ही जगह पर सो रहे थे। इसी दौरान गुस्साए मन्ना ने आधी रात दोनों को सोते हुए ही गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। फिलहाल मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मृतकों ने मोता सिंह नगर में चलाई थीं गोलियां
जालंधर के मोता सिंह नगर में करीब 20 दिन पहले शिव और विनय ने अपने साथियों के साथ गोलियां चलाई थीं। इसमें 2 युवकों को गोलियां लगी थी। उस घटना में हनी चहल और करणवीर घायल हुए थे। थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस ने इस मामले में हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। बता दें कि 20 दिन पुरानी घटना में करणवीर सिंह उर्फ करण टीसी के पेट में गोली लगी थी। वहीं, हनी चहल के पैर और हाथ में गोली लगी थी। जालंधर के ही रहने वाले गुरविंदर बाबा के साथ टीसी और चहल का पुराना झगड़ा चल रहा था। बाबा ने अपने अन्य साथियों के साथ हमला किया था। हमला करने वालों में शिव और विनय भी शामिल थे, जिनकी आज हत्या हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
रामा मंडी थाना पुलिस के साथ जालंधर CIA स्टाफ की टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई है। अब तक की जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। आरोपी मन्ना की तलाश में अलग-अलग टीमें छापे मार रही हैं। पुलिस आसपास के इलाकों और फरार होने वाले रास्तों की भी पड़ताल कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *