पंजाब के फिरोजपुर शहर से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक रणबीर सिंह भुल्लर शुक्रवार को एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब वह बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने निकले थे। मिली जानकारी के अनुसार, विधायक की कार पिंड धीराघारा गांव के पास खेतों में पलट गई। गनीमत रही कि आम आदमी पार्टी के विधायक रणबीर सिंह भुल्लर को घटना में कोई चोट नहीं आई है और ना ही उनके किसी साथी को घटना में चोट आई है। घटना के बाद विधायक को सुरक्षित बाहर निकाला प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही एक बाइक पर परिवार को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने अचानक गाड़ी मोड़ दी। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उतरकर सीधे खेतों में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में विधायक भुल्लर को कोई गंभीर चोट नहीं आई। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से कार से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, मोटरसाइकिल पर सवार महिला और उसका बच्चा घायल हो गए। बताया जा रहा है कि टक्कर से बचने की कोशिश में बाइक गिर पड़ी, जिससे दोनों को चोटें आईं। बाइक सवारों को आईं चोटें, विधायक खुद अस्पताल लेकर पहुंचे विधायक भुल्लर ने तुरंत मानवीय पहल दिखाते हुए घायल महिला और बच्चे को अपनी गाड़ी में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल, घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। यह पहला मौका नहीं है जब बाढ़ राहत के दौरान किसी जनप्रतिनिधि को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा हो। हादसे ने एक बार फिर बाढ़ प्रभावित इलाकों में सड़कों की खराब स्थिति और ट्रैफिक प्रबंधन की चुनौतियों को उजागर कर दिया है।


