भास्कर न्यूज | जालंधर सरकारी आर्ट्स व स्पोर्ट्स कॉलेज में जारी नॉर्थ रीजनल इंटर-यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल चैंपियनशिप बुधवार को संपन्न हुई। 16 से 21 जनवरी तक जारी इस चैंपियनशिप में बुधवार को फाइनल मुकाबले खेले गए जिसमें ओवरऑल चैंपियनशिप पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के नाम रही। जबकि एलपीयू ने दूसरा, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली ने तीसरा और पंजाब स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी पटियाला ने चौथा स्थान हासिल किया। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी की तरफ से नियुक्त ऑब्जर्वर डॉ. यशवंत गहलोत की देखरेख में टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। ऑब्जर्वर डॉ. गहलोत ने सभी टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात करते हुए उन्हें टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और स्पोर्ट्स कॉलेज की पूरी एडमिनिस्ट्रेटिव टीम की तारीफ की। चैंपियनशिप के आखिर में टेक्निकल, स्पोर्टिंग स्टाफ को सम्मानित किया गया। 6 दिनों तक चली इस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रिंसिपल डॉ. रणबीर सिंह ने चैंपियनशिप कराने के लिए ऑब्जर्वर, कोच, एडमिनिस्ट्रेटर और स्टाफ का धन्यवाद किया।


