चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी और शहर के दूसरे कॉलेजों में जल्द ही चुनाव होने वाले हैं, लेकिन अभी तारीख तय नहीं हुई है। पुलिस पहले से ही पूरी तैयारी कर रही है। इसी वजह से चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर खुद पंजाब यूनिवर्सिटी पहुंचीं और वहां की सुरक्षा का हाल जाना। एसएसपी कंवरदीप कौर ने यूनिवर्सिटी के छात्रों से कहा कि वे चुनाव में शांति से हिस्सा लें और कोई भी माहौल खराब करने की कोशिश न करे। उन्होंने बताया कि चुनाव को सिर्फ चुनाव की तरह ही लेना चाहिए, झगड़ा या विवाद नहीं करना चाहिए। जो भी अपनी पार्टी का प्रचार करना चाहता है, वह भी शांतिपूर्वक करे। अगर कोई लड़ाई-झगड़ा करेगा तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीयू के अधिकारियों और सभी पार्टियों के नेताओं के साथ हुई इस बैठक में ये बातें बताई गईं ताकि चुनाव शांति और सही तरीके से हो सकें। पीयू व कॉलेजों के बाहर पुलिस तैनात
चुनाव में अभी देरी है, मगर उससे पहले शहर में चुनावी माहौल दिखने लगा है। छात्रों ने प्रचार को लेकर पूरी तैयारी की हुई है। सभी छात्रों ने अपनी-अपनी गाड़ियों के ऊपर अपनी पार्टी का स्टिकर लगा रखा है। सेक्टर 32 एसडी कॉलेज में तो कुछ दिन पहले दो गुटों के छात्रों के बीच झगड़ा भी हो चुका है। उसी के चलते कॉलेज के बाहर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर दी गई है और आने-जाने वाले हर छात्र के वाहन व गाड़ी के दस्तावेज चेक किए जा रहे हैं। बाहरी छात्रों पर पुलिस की नजर
चुनाव के दौरान ज्यादा देखा गया है कि आउटसाइडर के आने के बाद ही लड़ाई-झगड़ा होता है। इसी के चलते पुलिस हर आने-जाने वाले का आईकार्ड चेक कर रही है और चुनाव की डेट घोषित होने के बाद पुलिस द्वारा और भी ज्यादा सख्ती कर दी जाएगी। इसके अलावा पुलिस की नजर उन पर भी है जो गाड़ियों में बैठकर हुड़दंगबाजी करते हैं।


