100 मीटर हर्डल्स अंडर-18 गर्ल्स कैटेगरी में बरनाला की तस्नीम कौर ने 15.24 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान अपने नाम किया। मसना की परनीत कौर ने 17.16 सेकंड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि होशियारपुर की रवदीप कौर ने 18.22 सेकंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। अंडर-20 गर्ल्स हर्डल्स में अमृतसर की कवलजीत कौर ने 15.34 सेकंड में फिनिश कर पहला स्थान पाया। बरनाला की अर्शदीप कौर दूसरे और जालंधर की शगुन तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं अंडर-23 गर्ल्स हर्डल्स में फतेहगढ़ साहिब की मेहरप्रीत कौर ने 18.25 सेकंड में सबसे पहले फिनिश लाइन पार की। इस वर्ग में बरनाला की अर्शदीप कौर ने दूसरा और होशियारपुर की हरप्रीत कौर ने तीसरा स्थान हासिल किया। हैमर थ्रो इवेंट में भी खिलाड़ियों का जोश देखने लायक रहा। अंडर-20 महिला वर्ग में अमृतसर की गगनदीप कौर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। बरनाला की सिमरनप्रीत कौर दूसरे और तरनतारन की सुखमनप्रीत तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-23 पुरुष वर्ग में मोगा के अरविंद सिंह गिल ने जबरदस्त प्रदर्शन कर पहला स्थान पाया। बरनाला के गुरवीर सिंह ने दूसरा और मालेरकोटला के पुष्पिंदर सिंह ने तीसरा स्थान अपने नाम किया। अंडर-23 महिला वर्ग में फाजिल्का की हकीकत कौर ने बाजी मारी। बरनाला की सिमरनप्रीत कौर ने दूसरा और अमृतसर की दमनप्रीत ने तीसरा स्थान पाया। वहीं अंडर-20 पुरुष वर्ग में अमृतसर के अर्शदीप सैनी ने पहला स्थान हासिल किया, मोगा के हरबीर सिंह दूसरे और पटियाला के मेहताब सिंह तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की मेहनत और लगन साफ झलक रही थी। आयोजकों ने बताया कि यह चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने हुनर का प्रदर्शन करने का अवसर देती है। इस मौके पर खेल प्रेमियों और खेल अधिकारियों की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। भास्कर न्यूज | लुधियाना गुरु नानक स्टेडियम में शुक्रवार को 100वीं पंजाब स्टेट जूनियर एंड अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की शुरुआत बेहद जोश और उमंग के साथ हुई। उद्घाटन अवसर पर निहंग सिखों ने परंपरागत गतका कला का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शकों में देशभक्ति और परंपरा के प्रति गर्व की भावना उमड़ पड़ी। उनके दमदार प्रदर्शन ने पूरे माहौल को और अधिक ऊर्जा से भर दिया और खिलाड़ियों के उत्साह को दोगुना कर दिया। तीन दिन चलने वाली प्रतियोगिता के पहले दिन 6 मेडल के साथ बरनाला और दूसरे नंबर पर 4 मेडल के साथ अमृतसर की टीम रही। इसके बाद आधिकारिक रूप से चैंपियनशिप का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन को लेकर शुरू में बारिश की संभावना ने खिलाड़ियों और आयोजकों की चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन मौसम ने साथ दिया और प्रतियोगिता बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई। ट्रैक और फील्ड इवेंट्स में खिलाड़ियों का जोश काबिल-ए-तारीफ रहा और दर्शकों की तालियों ने पूरे स्टेडियम का माहौल जीवंत बना दिया।


