ट्रक के धक्के से घायल युवक की 5 दिनों बाद इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत के बाद शनिवार को 500 की संख्या में आए आक्रोशित लोगों ने अचानक पंडरा ओपी पर हमला कर दिया। ओपी प्रभारी मनीष कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा। प्रभारी के सिर में गंभीर चोट लगी है जिसके बाद इलाज के लिए उन्हें अस्पताल भेजा गया है। भीड़ के सामने पुलिस पूरी तरह से बेबस नजर आई। लोगों को उग्र होता देख ओपी प्रभारी समेत सभी पुलिसकर्मी जान बचाकर भागे। इसके बाद भीड़ ने ओपी में रखे टेबल-कुर्सी के अलावा कांच को तोड़ दिया। गमले उठाकर फेंक दिए। ओपी परिसर में खड़ी प्रभारी की गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर दी। ओपी परिसर से जब सभी पुलिसकर्मी भाग गए तो आक्रोशित भीड़ ने पिस्का मोड़-कमड़े मार्ग पर आगजनी करते हुए रोड जाम कर दिया। ओपी परिसर में तोड़फोड़ व सड़क जाम किए जाने की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय और सुखदेवनगर थानेदार केके साहु समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। 2 घंटे बाद लोग शांत हुए और सड़क से हटे। लोगों का कहना था कि 16 सितंबर को ओपी से चंद कदम की दूरी पर एक ट्रक ने बाइक सवार उत्तम कुमार को धक्का मार दिया था। निजी अस्पताल में भर्ती उत्तम की इलाज के दौरान मौत हो गई। धक्का मारने वाले ट्रक व उसके चालक को स्थानीय लोगों के प्रयास से पकड़कर पुलिस को सौंपा गया था। हालांकि पुलिस ने पैसा लेकर चालक को छोड़ दिया है। देखेगा। डीएसपी ने कहा कि गाड़ी जब्त कर रखी गई है।


