ओटीसी ग्राउंड के पास आईटीसी कंपनी के अकाउंटेंट से 13 लाख रुपए लूटने व होटल मैनेजर को गोली मारकर घायल करने के मामले में गुरुवार को पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है। गोलीकांड में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पूरा प्लान तैयार कर लिया गया है। अलग-अलग चार टीमें लगातार काम कर रही हैं। टेक्निकल सेल से मिले इनपुट के आधार पर राजधानी के ग्रामीण इलाकों के अलावा पड़ोसी जिलों में छापेमारी की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लूट व गोलीकांड का खुलासा कर लिया जाएगा। मालूम हो कि सोमवार को बाइक सवार आरोपियों ने दिनदहाड़े पंडरा स्थित आेटीसी मैदान के पास हथियार के बल पर आईटीसी कंपनी के अकाउंटेंट से 13 लाख रुपए लूट लिए थे। लुटेरा को देखकर लोटस होटल के मैनेजर सुमित कुमार ने पकड़ना चाहा तो पेट व हाथ में गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद घायल को इलाज के लिए मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। रातू लूटकांड में शामिल होने की आशंका, चेहरा मिला रही पुलिस पंडरा में हुए लूटकांड से 5 दिन पहले अपराधियों ने काठीटांड़ स्थित एसबीआई शाखा के बाहर से भी 13.66 लाख लूट लिए थे। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि पेट्रोल पंप के कैशियर से हुए लूटकांड में भी ये आरोपी शामिल हो सकते हैं। पीड़ित कैशियर विमल कुमार मिश्रा ने रातू थाने में प्राथमिकी तो दर्ज करा दी थी, लेकिन अबतक आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस रातू व पंडरा में हुए लूटकांड का सीसीटीवी फुटेज मिलान कर रही है। गिरफ्तारी के बाद दोनों ही कांड का खुलासा होने की संभावना है। एक आरोपी पहले पहुंचा था बैंक, चाय पीने के बाद मारी गोली
लूटकांड को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने पहले अकाउंटेंट की रेकी की थी। अकाउंटेंट के मूवमेंट प्लान की पूरी जानकारी जुटाने के बाद एक आरोपी पहले ही बैंक के बाहर पहुंच गया था। वहां पड़ोस की दुकान पर खड़ा होकर वह चाय की चुस्की ले रहा था। जैसे ही पैसों से भरा बैग लेकर अकाउंटेंट पहुंचे, हथियार के बल पर लूट की घटना का अंजाम दिया आैर अपने सहयोगियों के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली।


