पंडरी में कब्जा कर आरोपी चलाता था चूड़ी दुकान:पहली कार्रवाई… बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की दुकान पर बुलडोजर

नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के अवैध कब्जे पर बुधवार को निगम का बुलडोजर चला। आरोपी ने पंडरी के झंडा चौक में 700 वर्गफीट जमीन पर कब्जा किया था। कब्जे की जमीन पर ही वह चूड़ी दुकान संचालित करता था। दुष्कर्म की घटना के बाद महापौर मीनल चौबे खुद मौके पर पहुंचकर दुकान में नोटिस चस्पा कराया था। निर्धारित समय के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर बुधवार तड़के नगर निवेश की टीम मौके पर पहुंची और मकान ढहाकर मलबा भी हटा दिया। ज्ञात हो कि आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी (65) ने चॉकलेट व खाने-पाने की चीजों का लालच देकर 9 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था। घटना 7 से 12 जनवरी के बीच की है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सौंदर्यीकरण का बना रहे प्रस्ताव :
नजूल जमीन से कब्जा हटाने के बाद अब यहां सौंदर्यीकरण किया जाएगा। जोन-3 की कमिश्नर प्रीति सिंह ने बताया कि कब्जा होने के कारण झंडा चौक काफी संकरा हो गया था। आगे कोई कब्जा न कर सके, इसके लिए इस स्थान पर सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव बना रहे हैं। मौके पर तहसीलदार राममूर्ति दीवान, निगम के कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस, नरेश साहू, अक्षय भारद्वाज सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रही। 20 साल से आरोपी का था कब्जा, दूसरों को दिया किराए पर
राजातालाब निवासी अब्दुल सज्जाद अंसारी कलेक्टोरेट से सेवानिवृत्त क्लर्क है। उसने पिछले 20 साल से 700 वर्गफीट नजूल जमीन पर कब्जा करके मकान बनाया। यहां वह चूड़ी दुकान संचालित करता था और खुद भी रहता था। उसका एक बेटा और एक बेटी है, जो राजातालाब में रहते हैं। कब्जे की दुकान चलाते हुए उसने याकूब खान और मुन्नवर खान को दो हिस्से किराए पर दे दिया। दोनों कुछ साल तक तो उसे किराया भी देते रहे, लेकिन बाद में नजूल जमीन होने की जानकारी होने पर उन दोनों ने भी कब्जा करके अपना दुकान और आवास बना लिया था। पहले से खाली थी दुकान :
प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जब इन मकानों में नोटिस चस्पा किया, तो संबंधितों द्वारा तय समय में कोई जवाब नहीं दिया गया। आरोपी के परिवार ने पहले ही दुकान को खाली कर दिया था। कार्रवाई का किसी ने विरोध नहीं किया। यहां सिर्फ मुन्नवर खान के परिवार का सामान और सिलाई मशीन मिली। निगम प्रशासन ने भी मुन्नवर खान की जरूरत को देखते हुए भाठागांव बीएसयूपी कालोनी में एक मकान अलॉट करा दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *