छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के दूरस्थ गांव जामपानी में रहने वाले विशेष पिछड़ी पंडो जनजाति के छात्र रामदेव ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 84.16 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। रामदेव का सपना है कि वो पुलिस अफसर बनकर समाज की सेवा करे। रामदेव के पिता किसान हैं और मां आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में काम करती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद रामदेव ने रोजाना 8 घंटे की कड़ी मेहनत से यह सफलता हासिल की। उनका सपना पुलिस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना है। छात्र को हरसंभव मदद का दिया आश्वासन जिला कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने रामदेव के घर जाकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने शैक्षणिक सामग्री और मिठाई भेंट की। कलेक्टर ने प्रशासन की ओर से आगे की पढ़ाई में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। रामदेव को गर्मियों की छुट्टियों में एक्स्ट्रा क्लासेस के माध्यम से अगले सत्र की तैयारी करने की सलाह दी गई। छात्र ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को दिया। कलेक्टर ने कहा कि जिले के प्रतिभावान छात्रों को संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी।


