लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा शहर को बड़ी सौगात देते हुए जगपुरा क्षेत्र में मुख्यमंत्री अफोर्डेबल आवास योजना के तहत 832 आवासों के निर्माण का शिलान्यास किया गया। इस योजना पर लगभग 38 करोड़ रुपए की लागत आएगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध हो सकेगा। आगामी समय में करीब 10 हजार आवासों का होगा निर्माण स्पीकर बिरला ने कहा कि हर गरीब को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। इसी लक्ष्य के तहत कोटा में आगामी समय में करीब 10 हजार आवासों का निर्माण किया जाएगा। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम उन्होंने बताया कि यह योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम है। प्रथम चरण में जगपुरा क्षेत्र में आवासों का निर्माण शुरू किया जा रहा है। इन आवासों के साथ-साथ क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। इसके तहत लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 27 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण, खेल मैदान और सामुदायिक भवनों का निर्माण किया जाएगा। इस तरह कुल 67 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई। गरीब परिवारों के लिए पक्के मकान का सपना होगा पूरा स्थानीय लोगों ने इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों का पक्के मकान का सपना पूरा होगा और क्षेत्र का समग्र विकास भी सुनिश्चित होगा। कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।


