पगारी बंगला| पगारी बंगला क्षेत्र में शुक्रवार रात चोरों ने मलावर जोड़ स्थित एक निजी स्कूल और पास की एक दुकान को निशाना बनाकर हजारों का माल पार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। चोरों ने सबसे पहले निजी स्कूल के शटर का ताला तोड़ने का प्रयास किया। जब वे ताला तोड़ने में सफल नहीं हुए, तो उन्होंने शटर के पास लगी एंगल को खोदकर शटर निकालने की कोशिश की। हालांकि इसमें भी उन्हें कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद चोरों ने पास ही स्थित तालोड़ी निवासी कैलाश जाटव की दुकान के गेट का ताला तोड़ दिया। दुकान से सेंटरिंग में इस्तेमाल होने वाली लगभग 20 लोहे की प्लेटें, एक पंखा और दो फावड़े चोरी कर लिए गए। इन घटनाओं के बाद क्षेत्रवासियों ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि पगारी बंगला क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं, लेकिन अब तक चोरों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है। मलावर थाना प्रभारी रजनीश सिरोठिया ने बताया कि मामले में जांच जारी है।


