सतना की मझगवां क्षेत्र की ग्राम पंचायत पगार कला में गुरुवार को लाए गए अविश्वास प्रस्ताव में विपक्ष को सफलता मिली। वर्तमान सरपंच गोपिका कुशवाहा को मात्र 3 मत मिले, जबकि विपक्ष के पक्ष में 16 मत पड़े। कुल 19 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। इसके साथ ही पंचायत में सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ हो गया। यह प्रस्ताव उपसरपंच अशोक पयासी के नेतृत्व में लाया गया था। जानकारी के अनुसार, लगभग एक साल पहले भी सरपंच गोपिका कुशवाहा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। उस समय एक मत रिजेक्ट हो जाने के कारण वह अपना पद बचाने में सफल रही थीं। इस बार विपक्ष पूरी तरह एकजुट नजर आया और निर्णायक बढ़त के साथ प्रस्ताव पारित कर दिया गया। पंचायत में लंबे समय से असंतोष सूत्रों के मुताबिक, पंचायत के भीतर लंबे समय से असंतोष और आंतरिक खींचतान की चर्चा चल रही थी। गुरुवार को हुए मतदान में यह असंतोष स्पष्ट रूप से सामने आया। बहुमत ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास जताया और पंचायत में नए नेतृत्व के चयन की राह खोल दी। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। मौके पर तहसीलदार बिरसिंहपुर शैलेंद्र शर्मा, सभापुर थाना प्रभारी निरीक्षक शंखधर द्विवेदी सहित भारी पुलिस बल और राजस्व टीम मौजूद रही। मतदान के बाद राजनीतिक हलचल मतदान के नतीजे घोषित होते ही पंचायत में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। विपक्षी खेमे में जीत को लेकर उत्साह देखा गया, जबकि सरपंच समर्थकों में मायूसी छा गई। अब नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी कर पंचायत में नए नेतृत्व के चयन की तैयारी की जाएगी।


