पचपदरा में एडीएम ने शिविरों का किया निरीक्षण:बोले-प्रशासन को जनता के करीब लाने का सशक्त माध्यम

बालोतरा ए़डीएम भुवनेश्वर सिंह चौहान ने आज पचपदरा में आयोजित ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने शिविर में की जा रही व्यवस्थाओं, विभागवार लगाए गए काउंटरों तथा आमजन की समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया। चौहान ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद अत्यंत आवश्यक है। ऐसे शिविर प्रशासन को जनता के करीब लाने का सशक्त माध्यम हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि ग्रामीण समस्या समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक को संतोषजनक समाधान देने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आवेदन प्राप्त किए गए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, पचपदरा तहसीलदार गोपीकिशन पालीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *