पचमढ़ी के प्रसिद्ध चौरागढ़ महादेव मंदिर के महंत 1008 बाबा गरीबदास का बुधवार को निधन हो गया। वे करीब 90 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पचमढ़ी और आसपास के इलाकों सहित देशभर में उनके लाखों भक्तों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। महंत जी का आध्यात्मिक प्रभाव मध्य प्रदेश और विदर्भ (महाराष्ट्र) सहित पूरे देश में फैला हुआ था। महंत गरीबदास जी महाराज के अनुयायी न केवल आम जनता में थे, बल्कि कई बड़ी हस्तियां भी उन्हें अपना गुरु मानती थीं। पचमढ़ी के तहसीलदार वैभव बैरागी ने उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के समय और कार्यक्रम की जानकारी जल्द ही आधिकारिक तौर पर दी जाएगी। अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ निधन की खबर फैलते ही भक्त पचमढ़ी और मठ परिसर की ओर पहुंचने लगे हैं। हर कोई अपने गुरु के अंतिम दर्शन के लिए व्याकुल नजर आ रहा है। भक्तों का कहना है कि चौरागढ़ महादेव मंदिर के विकास और सामाजिक कार्यों में महाराज का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। सांसद ने बताया व्यक्तिगत क्षति छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “महाराज जी के समाधि लेने का समाचार अत्यंत दुखद है। छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और महाराष्ट्र में उनके लाखों शिष्य हैं। यह मेरी व्यक्तिगत क्षति है।” सोशल मीडिया पर भी लोग महाराज जी को श्रद्धांजलि देने रहे हैं।


