भास्कर संवाददाता | उज्जैन पछुआ हवा ने शहर के न्यूनतम तापमान को गिरा दिया है। सुबह घना कोहरा छा रहा है। वेधशाला के अनुसार दिसंबर माह में लगातार नौवें दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। हालांकि दिन के तापमान में 1.5 डिग्री की बढ़त भी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में जम्मू के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहा जो कि सोमवार के अधिकतम तापमान 26.5 से 1.5 डिग्री ज्यादा है। आर्द्रता की बात करें तो यह सुबह 88 और शाम को 48 फीसदी दर्ज की गई।


